newsmantra.in l Latest news on Politics, World, Bollywood, Sports, Delhi, Jammu & Kashmir, Trending news | News Mantra
CultureSports

विश्व कप मे भारत की शानदार शुरुआत

लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल की उम्दा गेंदबाजी और रोहित शर्मा की कुछ विषम पलों से गुजरने के बाद खेली गयी नाबाद शतकीय पारी से भारत ने बुधवार को यहां दक्षिण अफ्रीका को छह विकेट से हराकर अपने विश्व कप अभियान का शानदार आगाज किया।

दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 227 रन बनाये जिसमें उच्चतम स्कोर क्रिस मौरिस (42) था। युजवेंद्र चहल (51 रन देकर चार विकेट) की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने उसके किसी भी बल्लेबाज को लंबी पारी नहीं खेलने दी।
भारत ने मैच में अधिकतर समय दबदबा बनाये रखा। रोहित को शुरू में संघर्ष करना पड़ा लेकिन आखिर में वह 122 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 144 गेंदें खेली तथा 13 चौके और दो छक्के लगाये। उनके अलावा महेंद्र सिंह धोनी ने 34 रन का योगदान दिया। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिये 74 रन की साझेदारी की। भारत ने 47.3 ओवर में चार विकेट पर 230 रन बनाकर जीत दर्ज की।

दक्षिण अफ्रीका की यह लगातार तीसरी हार है जिससे उसकी आगे की राह कठिन हो गयी है। इससे पहले उसे इंग्लैंड और बांग्लादेश से हार का सामना करना पड़ा था।
उसके बल्लेबाजों के पास भारतीय स्पिनरों का कोई जवाब नहीं था। चहल ने बल्लेबाजों को न सिर्फ छकाया बल्कि उन्हें गलतियां करने के लिये भी मजबूर किया। जसप्रीत बुमराह (35 रन देकर दो विकेट) ने फिर से प्रभावशाली गेंदबाजी की। मोहम्मद शमी पर तरजीह पाने वाले भुवनेश्वर कुमार (44 रन देकर दो) और चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव (46 रन देकर एक) ने भी विकेट हासिल किये।

दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों में कप्तान फाफ डुप्लेसिस (38), डेविड मिलर (31) और एंडिल फेलुकवायो (34) ने 30 रन की संख्या पार करने के बाद पवेलियन लौटे। मौरिस और कैगिसो रबाडा (नाबाद 31) ने सबसे बड़ी साझेदारी (आठवें विकेट के लिये 66 रन) निभायी।
दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने भी शुरू में मौके बनाये लेकिन भाग्य उनके साथ नहीं था। रबाडा (39 रन देकर दो) के पहले ओवर में ही रोहित को जीवनदान मिला जब डुप्लेसिस दूसरी स्लिप में आगे बढ़कर कैच नहीं ले पाये। रबाडा ने हालांकि दूसरे सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (आठ) को जल्द विकेट के पीछे कैच करा दिया।

रबाडा और विराट कोहली की जंग गजब की थी। दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज ने भारतीय कप्तान को एक लाइन और लेंथ से गेंद करके परेशानी में रखा। इस बीच रबाडा ने दो ढीली गेंदे की तो रोहित ने उन्हें छक्के और चौके के लिये भेजा। रबाडा ने अपने पहले पांच ओवर में 21 रन दिये। उनकी जगह उतरे फेलुकवायो ने कोहली का कीमती विकेट निकाला लेकिन इसमें क्विंटन डिकाक की भूमिका अहम रही जिन्होंने दायीं तरफ डाइव लगाकर एक हाथ से कैच लिया। कोहली इस तरह से लगातार तीसरे विश्व कप में शतक से आगाज नहीं कर पाये।

रोहित 128 गेंदों का सामना करके शतक तक पहुंचे। यह वनडे में उनके 23 शतकों में सबसे धीमा सैकड़ा जिससे उन्होंने सर्वाधिक शतकों की सूची में सौरव गांगुली को पीछे छोड़ा। इसके तुरंत बाद उन्होंने हवा में गेंद लहरायी लेकिन मौरिस ने आसान कैच टपका दिया। तब गेंदबाज रबाडा थे। मौरिस अपनी ही गेंद पर धोनी का कैच लेने में सफल रहे लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। हार्दिक पंड्या 15 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले बुमराह ने शुरू में ही दक्षिण अफ्रीका के दोनों सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर मैच को भारत के नियंत्रण में कर दिया था। विश्व में नंबर एक गेंदबाज ने साउथम्पटन के ऊपर छाये बादलों का पूरा लाभ उठाकर चौथे ओवर में ही अनुभवी हाशिम अमला को स्लिप में रोहित के हाथों कैच कराया।

बुमराह ने अगले ओवर में डिकाक (दस) को आउट करके दक्षिण अफ्रीका को करारा झटका दिया। कोहली ने तीसरी स्लिप में उनका खूबसूरत कैच लिया।

Related posts

Legrand empowered Sea Sakthi Team from India bring home the coveted Townhall Cup from Monaco Energy Boat Challenge 2024

Newsmantra

Tradition Meets Tech: Human Mobile Devices Enhances Maha Kumbh through Government Collaboration

Newsmantra

सिंह: आज का दिन आपके लिए मध्यम फलदायी रहेगा .राशिफल 5 जुलाई

Newsmantra

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More