newsmantra.in l Latest news on Politics, World, Bollywood, Sports, Delhi, Jammu & Kashmir, Trending news | News Mantra
Govt. Mantra

मुख्यमंत्री ने सुनीं 62 लोगों की समस्याएं, तुरंत समाधान के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को देशरत्न मार्ग स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय परिसर में आयोजित जनता दरबार में राज्य के विभिन्न जिलों से आये 62 लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभाग के अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
जनता दरबार में पूर्वी चंपारण जिले से आए एक युवक ने कहा कि हमारे पंचायत में नल-जल योजना के अंतर्गत दूषित पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। संबंधित अधिकारियों से शिकायत के बावजूद अबतक सुधार नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को समुचित कार्रवाई का निर्देश दिया। कटिहार जिले से आई एक आंगनबाड़ी सेविका ने कहा कि सीडीपीओ मुझे लगातार परेशान कर रहीं हैं। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को उचित कार्रवाई का निर्देश दिया। पूर्वी चंपारण जिले से आए एक फरियादी ने मुख्यमंत्री से शिकायत की कि वर्ष 2017 में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने को कहा गया, लेकिन अबतक नहीं बन पाया है। इसके बन जाने से यहां के लोगों को सुविधा होगी। वहीं, पूर्वी चंपारण जिले से ही आए एक अन्य फरियादी ने मुख्यमंत्री से कहा कि वर्ष 2021 की बाढ़ आपदा सहायता राशि अबतक नहीं मिली है। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को जांचकर उचित कार्रवाई का निर्देश दिया।
पूर्णिया जिले से आए एक युवक ने मुख्यमंत्री से कहा कि परमान नदी के कटाव से गांव के लोगों का जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। इस समस्या का निदान निकाला जाए। मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग को जांचकर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। अररिया जिले से आए एक वृद्ध ने मुख्यमंत्री से कहा कि कोरोना से मृत्यु के मामले में अब तक अनुग्रह राशि का लाभ नहीं मिला है। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को उचित कार्रवाई का निर्देश दिया। मुजफ्फरपुर जिले से आई एक महिला ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई कि जनवितरण प्रणाली की दुकान को अनुचित ठहराते हुए रद्द कर दिया गया था। उसको फिर से शुरू करने के लिए मोटी रकम की मांग की जा रही है। मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग को समुचित कार्रवाई का निर्देश दिया। सिवान जिले से आए एक युवक ने मुख्यमंत्री से कहा कि मेरे गांव में तीन सौ मीटर तक सड़क का निर्माण नहीं होने से गांव के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री संबंधित विभाग को उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बक्सर जिले से आये एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई कि गांव की सड़क किसी मुख्य सड़क से नहीं जोड़े जाने से गांव के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को समुचित कार्रवाई का निर्देश दिया। जहानाबाद जिले से आए एक युवक ने मुख्यमंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि मेरे पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा के आधार पर मुझे अबतक नौकरी नहीं मिली है, जिससे परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग से उचित कार्रवाई का निर्देश दिया। शिवहर जिले से आए एक फरियादी ने मुख्यमंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि बिजली विभाग के द्वारा अनुचित बिजली बिल भेज दिया गया है। कनेक्शन कटवाने के बाद भी बिल आ रहा है। हम गरीब आदमी हैं, बिजली की इतनी बड़ी राशि का हम भुगतान नहीं कर पायेंगे। मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग को उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। सारण जिले से आए एक युवक ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाते हुए कहा कि नगर विकास एवं आवास विभाग में कार्यरत मेरे पिताजी की नौकरी के दौरान 2013 में मृत्यु हो गई, लेकिन अबतक अनुकंपा के आधार पर नौकरी नहीं दी गयी है। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया ।
जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री आलोक कुमार मेहता, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, जल संसाधन सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री संजय कुमार झा, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, शिक्षा मंत्री प्रो.चंद्रशेखर, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री ललित कुमार यादव, परिवहन मंत्री शीला कुमारी, लघु जल संसाधन मंत्री जयंत राज, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री मो. आफाक आलम, विधि मंत्री शमीम अहमद, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री रत्नेश सदा, पंचायती राज मंत्री मुरारी प्रसाद गौतम, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमां खान, श्रम संसाधन मंत्री सुरेंद्र राम, सूचना प्रावैधिकी मंत्री मो. इसराईल मंसूरी, आपदा प्रबंधन मंत्री शाहनवाज, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक आरएस भट्ठी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह तथा वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा उपस्थित थे।

Related posts

UIDAI Asks Schools Across The Country To Complete Aadhaar Biometric Updates Of Children Aged 5 To 15 Years Without Delay

Newsmantra

दिल्ली में आयोजित हुआ इन्वेस्टर्स मीट, विकास आयुक्त बोले-बिहार में निवेश के लिए अनुकूल माहौल

Newsmantra

Prime Minister Shri Narendra Modi witnessed the commencement of “core loading“ of India’s first and totally indegenous fast breeder reactor at Kalpakkam

Newsmantra

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More